मक्का खेत में मिले दो शव, अवैध शराब सेवन से मौत की आशंका
Two bodies found in maize field, suspected to have died due to consumption of illicit liquor

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पृथ्वीनगर पंचायत के ग्राम सितेशनगर में शुक्रवार को मक्का के खेत में दो व्यक्तियों के शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया। मृतकों की पहचान नूरुद्दीन शेख (55 वर्ष) एवं मोती शेख (45 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम सितेशनगर के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों व्यक्ति प्रतिदिन साथ में शराब पीने के लिए खेत की ओर जाया करते थे। शुक्रवार को भी करीब 11 बजे दिन में दोनों घर से एक साथ खेत की तरफ निकले थे। कुछ देर बाद मक्का के खेत में दोनों को मृत अवस्था में पाए जाने की सूचना गांव में फैल गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही पाकुड़ मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सोनाजोड़ी भेज दिया। प्रथम दृष्टया अत्यधिक शराब सेवन अथवा नकली शराब पीने के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। समाचार लिखे जाने तक आगे की कार्रवाई जारी थी।



