ललितपुर
व्यापार मंडल ने अघोषित बिजली कटौती
स्मार्ट मीटर और बदहाल सड़कों के खिलाफ आंदोलन का किया ऐलान

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक व्यापार मंडल कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश चेयरमैन महेंद्र जैन मयूर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रदीप त्रिपाठी ने की। बैठक में व्यापारियों एवं आमजन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें विद्युत विभाग की अघोषित कटौती, बार-बार हो रही ट्रिपिंग, स्मार्ट मीटर के नाम पर कथित रूप से की गई अतिरिक्त वसूली वापस कराने, स्मार्ट मीटर व्यवस्था बंद कराने, अधिकृत एजेंसी से मीटरों की जांच कराने, पेयजल योजना के तहत खोदी गई सड़कों का शीघ्र निर्माण, मेडिकल कॉलेज को रेफर सेंटर की स्थिति से बाहर लाने, नगर की चौड़ी नालियों व नालों को ढकने तथा अतिक्रमण हटाने से पहले छोटे व्यापारियों के पुनर्वास जैसे मुद्दों पर आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। बैठक में तय किया गया कि आंदोलन के प्रथम चरण में 19 मई, मंगलवार को सुबह 10 बजे नगर के प्रमुख चौराहों पर दोपहिया वाहनों के साथ सैकड़ों व्यापारी प्रदर्शन करेंगे और जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। इसके बाद 21 मई, गुरुवार को शाम 7 बजे चौधरी मार्केट स्टेशन रोड से जिला पंचायत स्थित विद्युत कार्यालय तक मशाल जुलूस निकाला जाएगा। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि यदि इसके बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जिला बंद करने जैसा बड़ा निर्णय लिया जा सकता है। व्यापारी नेताओं ने नगर के सभी व्यापारियों एवं आमजन से 19 मई को सुबह 10 बजे अपने-अपने दोपहिया वाहनों के साथ श्री जगदीश मार्केट पहुंचने तथा 21 मई को मशाल जुलूस में शामिल होने की अपील की। बैठक में प्रदेश चेयरमैन महेंद्र जैन मयूर, जिलाध्यक्ष प्रदीप त्रिपाठी, जिला महामंत्री अनिल जैन, नगर अध्यक्ष महेश जैन, प्रदेश संगठन मंत्री अशोक जैन अनौरा, स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज अध्यक्ष मुकेश जैन, गल्ला व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीव जैन, प्रांतीय सदस्य अभय जैन एड., वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष प्रीतम सराफ, मंडल उपाध्यक्ष संतोष साहू, मंडल संगठन मंत्री अवध बिहारी उपाध्याय, नगर युवा अध्यक्ष मनोज सोनी मज्जू, जिला युवा महामंत्री राजीव सुडेले, जिला संगठन मंत्री ज्ञान प्रकाश खंडेलवाल, नगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष जय नारायण शर्मा, पार्षद आलोक जैन मयूर, आईटी मंच अध्यक्ष अंकित सतभैया, जिला मंत्री मनोज जैन, नगर उपाध्यक्ष विनोद जैन, जिला मंत्री रामप्रकाश साहू, जिला संगठन मंत्री बृजेश रावत आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।



