सिंगरौली

सीएमएचओ दफ्तर तक सात साल बाद भी नहीं बनी पक्की सड़क

बारिश में कीचड़ से होकर गुजरते हैं कर्मचारी, करीब 100 मीटर सड़क के लिए वर्षों से इंतजार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिला मुख्यालय बैढ़न में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय तक पहुंचने के लिए आज भी पक्की सड़क नहीं है। एनसीएल ग्राउंड बिलौंजी में सीएमएचओ कार्यालय का संचालन शुरू हुए करीब सात वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन कार्यालय तक जाने वाली लगभग 100 मीटर सड़क का निर्माण अब तक नहीं हो सका है। बारिश के दिनों में यह रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बताया जाता है कि कार्यालय तक पक्की सड़क निर्माण के लिए पूर्व में पदस्थ सीएमएचओ द्वारा तत्कालीन कलेक्टर सहित संबंधित अधिकारियों का कई बार ध्यान आकृष्ट कराया गया। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
सड़क कच्ची होने के कारण बारिश के मौसम में यहां स्थिति और खराब हो जाती है। कीचड़ और पानी के बीच कर्मचारियों को कार्यालय पहुंचना पड़ता है। जिला मुख्यालय स्थित स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख कार्यालय तक पहुंचने के लिए सड़क जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव अब सवाल खड़े कर रहा है।
स्थानीय स्तर पर मांग की जा रही है कि संबंधित विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यालय तक पहुंचने वाली करीब 100 मीटर सड़क का निर्माण जल्द कराए, ताकि कर्मचारियों और आम लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button