ललितपुर
मां कात्यायनी माता मंदिर में कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के नेहरू नगर स्थित रेलवे अस्पताल के पीछे गली नंबर पांच में विराजमान मां कात्यायनी माता मंदिर में रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का शुभारंभ हुआ। कथा का आयोजन मुख्य यजमान प्रेमलता एवं अच्छेलाल के सहयोग से किया जा रहा है। निकाली गई कलश यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सबसे आगे डीजे पर भक्तिमय गीत बजते रहे, जिनकी धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए चल रहे थे। वहीं महिलाएं एवं युवतियां सिर पर मंगल कलश धारण कर भक्ति गीत गाते हुए यात्रा में शामिल हुईं। मुख्य यजमान प्रेमलता एवं अच्छेलाल श्रीमद् भागवत पुराण को सिर पर धारण कर यात्रा में सम्मिलित रहे। कलश यात्रा मां कात्यायनी माता मंदिर से प्रारंभ होकर विभिन्न प्रमुख स्थानों से होती हुई पुन: कथा स्थल पहुंची। यहां प्रशांत कृष्णजी महाराज ने विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ श्रीमद् भागवत पुराण की पूजा-अर्चना कराई तथा आरती संपन्न कराई। प्रथम दिवस की कथा में महाराज ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा भक्त और भगवान के मिलन का सर्वोत्तम माध्यम है। कथा श्रवण से मनुष्य की चिंताएं समाप्त होती हैं और उसका जीवन ज्ञान एवं भक्ति से प्रकाशित हो उठता है। आयोजकों ने बताया कि कथा प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक आयोजित होगी। कथा के अंतर्गत महाभारत कथा, धु्रव चरित्र, नृसिंह अवतार, श्रीकृष्ण जन्म, गोवर्धन पूजा, महारास, रुक्मिणी विवाह, सुदामा चरित्र, पारिक्षित मोक्ष एवं हवन जैसे प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे। कथा में वाद्य यंत्रों पर रामकुमार, बब्लू सेन तथा रामकिशन कुशवाहा अपनी संगत से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर रहे हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।



