
ठड़ेश्वरी मंदिर के सामने लगे मेले में देर रात तक गतिविधियां, युवाओं को जुए की लत लगाने के आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
माधौगढ़ (जालौन)। स्थानीय ठड़ेश्वरी मंदिर के सामने इन दिनों लगे मेले को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं। मेले में अव्यवस्थाओं, सुरक्षा मानकों की अनदेखी तथा पैसों के माध्यम से कथित रूप से जुआ खिलाए जाने के आरोप सामने आए हैं। इस संबंध में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग धनराशि लगाकर खेल खेलते दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मेले में प्रतिदिन शाम लगभग 7 बजे से रात 10 बजे तक कथित तौर पर ऐसा खेल संचालित किया जाता है, जिससे युवाओं में गलत प्रवृत्तियों को बढ़ावा मिल रहा है। लोगों का कहना है कि यह गतिविधि खुलेआम चल रही है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई कठोर कार्रवाई दिखाई नहीं दी। ग्रामीणों के अनुसार मेले में देर रात तक भारी भीड़ बनी रहती है। सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन प्रबंध, विद्युत सुरक्षा तथा भीड़ नियंत्रण जैसे मुद्दों पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटती है, तो उसकी जिम्मेदारी तय करना कठिन होगा। वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों का दावा है कि मेला संचालक स्वयं को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताते हुए कार्रवाई से बेखौफ होने की बातें करता है। हालांकि इस संबंध में प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। क्षेत्रीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मेले की अनुमति, सुरक्षा मानकों, विद्युत निरीक्षण, फायर एनओसी तथा कथित जुए की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल के समीप इस प्रकार की गतिविधियां क्षेत्र के सामाजिक वातावरण को प्रभावित कर रही हैं। अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो और लगातार उठ रही शिकायतों के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

