शराबी बेटे ने की तलवार से पिता की निर्मम हत्या
Drunk son brutally murdered his father with a sword

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ जिला अन्तर्गत पाकुड़िया थाना क्षेत्र के फूलोपनी पंचायत स्थित गंनपुरा गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक जघन्य वारदात सामने आई है। यहाँ एक सनकी और शराबी बेटे ने अपने ही 65 वर्षीय वृद्ध पिता सोम मुर्मू की तलवार से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी बेटे ने सोए हुए पिता के सिर पर तलवार से दर्जनों वार किए और क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए ईंट से भी सिर कुचलने की कोशिश की। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घरेलू विवाद में खूनी खेलमिली जानकारी के अनुसार, पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से अंदरूनी घरेलू विवाद चल रहा था। घटना की रात (तड़के लगभग 3:00 बजे) आरोपी रमेश मुर्मू (37 वर्ष) शराब के नशे में धुत था। विवाद इतना बढ़ा कि मानसिक रूप से उग्र हो चुके रमेश ने घर में रखी तलवार उठा ली और अपने पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। उसने सीधे सिर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे घटनास्थल पर ही अत्यधिक खून बह जाने के कारण वृद्ध पिता ने दम तोड़ दिया।घर में ही छिपा था कातिल, पुलिस ने दबोचासुबह जैसे ही ग्रामीणों और परिजनों को इस रूह कंपा देने वाली घटना की भनक लगी, पाकुड़िया थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पाकुड़िया पुलिस दलबल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा कहीं भागा नहीं था, बल्कि वह घर के अंदर ही छिपा हुआ था। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी रमेश मुर्मू को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गयापुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद खून से लथपथ शव को अपने कब्जे में ले लिया। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए जिला मुख्यालय पाकुड़ भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी जब्त कर लिया है और मामले की गहन जांच में जुट गई है।



