गाजियाबाद
दिल्ली में संगठन विस्तार में जुटा राष्ट्रीय लोकदल
कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए मजबूत होगी पार्टी की पकड़
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी दिल्ली। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) दिल्ली में संगठन को मजबूती प्रदान करने और अधिकतर वार्डों में अपनी कार्यकारिणी गठित करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। पार्टी पदाधिकारी लगातार बैठकों, जनसंपर्क अभियानों और कार्यकर्ता सम्मेलनों के माध्यम से देश की राजधानी में अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराने में पूरे जोश खरोश के साथ जुटे हुए हैं। इसी क्रम में रालोद द्वारा एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पार्टी की विचारधारा और संगठन विस्तार को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी।
राष्ट्रीय लोकदल उत्तर पूर्व दिल्ली के कोषाध्यक्ष रामकुमार तोमर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी दिल्ली में जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अधिकतर वार्डों में कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है और पार्टी पदाधिकारी बूथ स्तर तक संगठन को विस्तार देने में जुटे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोकदल द्वारा समय-समय पर बैठकों, जनसंपर्क अभियानों और कार्यकर्ता सम्मेलनों का आयोजन कर कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में 24 मई 2026, रविवार शाम 4 बजे शाहदरा स्थित स्वर्णकार धर्मशाला, पूर्वी ज्योतिनगर, लोनी रोड, में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
रामकुमार तोमर ने कहा कि यह सम्मेलन भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की विचारधारा, जनजागरण और संगठनात्मक मजबूती को समर्पित होगा। सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, आगामी रणनीति और जनता के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए अपना मार्गदर्शन देंगे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी के नेतृत्व में पार्टी किसानों, मजदूरों, युवाओं और पिछड़े वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य कर रही है। दिल्ली में पार्टी को मजबूत आधार देने के उद्देश्य से वार्ड स्तर पर नई जिम्मेदारियां सक्रिय कार्यकर्ताओ को सौंपी जा रही हैं तथा पार्टी कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में सक्रिय रुप से काम करने के लिए आगे बढ़ने को प्रेरित किया जा रहा है।रालोद नेताओं का मानना है कि ऐसे आयोजनों से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और राजधानी की राजनीति में पार्टी अपनी मजबूत एवं प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराने में सफल होगी।


