कैराना
ठेका दिलाने के झांसे में मजदूर से 4 लाख से अधिक की ठगी का आरोप, दो पर मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। ठेका दिलाने के नाम पर एक मजदूर से 4.10 लाख रुपये लेने और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के गांव इस्सोपुर खुरगान निवासी दिलशाद पुत्र मीरहसन ने कोतवाली कैराना में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि करीब दस वर्ष पूर्व उसने दबाव और भय के माहौल में मुनव्वर निवासी मंडावर, हाल निवासी आर्यपुरी कैराना को 4.10 लाख रुपये दिए थे। पीड़ित का आरोप है कि यह रकम उसने ब्याज पर पैसा लेकर और अपनी करीब डेढ़ बीघा कृषि भूमि गिरवी रखकर जुटाई थी। दिलशाद के अनुसार उसे ठेका दिलाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन समय बीतने के बाद भी न तो कोई ठेका मिला और न ही रकम वापस की गई। जब उसने कई बार अपने रुपये वापस मांगे तो मुनव्वर ने बताया कि उक्त धनराशि उसने मनोज राणा निवासी दुल्लाखेड़ी को दे दी है। पीड़ित का आरोप है कि अब दोनों आरोपी मिलकर उससे और रुपये की मांग कर रहे हैं। विरोध करने और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले दिलशाद ने पुलिस से अपनी रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली कैराना पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।