शामली
“नो हेलमेट नो फ्यूल” अभियान के तहत शामली पुलिस की सख्त कार्यवाही, 416 वाहनों के चालान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
शामली। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शामली पुलिस द्वारा शुक्रवार को जनपदभर में “नो हेलमेट नो फ्यूल” अभियान के तहत विशेष यातायात चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान बनत चौराहा, कैराना बस अड्डा, विजय चौक, फव्वारा चौक, धीमानपुरा फाटक, शिव चौक, अंजता चौक एवं रोडवेज बस अड्डा सहित विभिन्न प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस द्वारा वाहनों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट एवं अन्य यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस कर्मियों ने दोपहिया वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया कि बिना हेलमेट पेट्रोल अथवा अन्य ईंधन उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। साथ ही हेलमेट को जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण साधन बताते हुए लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई।
अभियान के दौरान ओवरस्पीडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने एवं वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति भी वाहन चालकों को जागरूक किया गया। चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 416 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 338 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने पर किए गए।
शामली पुलिस ने आमजन एवं पेट्रोल पंप संचालकों से सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।
