गाजियाबाद
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने बुलाई आपात समीक्षा बैठक
विकास कार्यों और अवैध अतिक्रमण पर दिए सख्त निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी नगरपालिका में क्षेत्रीय विधायक नंदकिशोर गुर्जर की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं को लेकर एक आपात समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरपालिका, जल निगम, पुलिस प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान विधायक ने बेहटा नहर मार्ग पर सिल्ट डालकर रास्ता अवरुद्ध किए जाने पर अपनी कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि नवीन निर्मित मार्ग को बाधित करना आम जनता की सुविधा के साथ खिलवाड़ है। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मार्ग सुचारु कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही शिव विहार, गुलाब वाटिका सहित अन्य क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने पर भी जोर दिया।
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने डेरी संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि गोबर एवं अपशिष्ट पदार्थों को नालियों में डालना बंद करें और उसका उचित निस्तारण स्वयं सुनिश्चित करें, ताकि जलभराव और गंदगी की समस्या उत्पन्न न हो।
सार्वजनिक मार्गों और सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर भी विधायक ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सड़कों को आमजन के लिए सुगम बनाया जाए।
बैठक में जल निगम अधिकारियों को निर्देशित करते हुए विधायक ने कहा कि सहारनपुर मार्ग पर चल रहे सीवर कार्य को अगले 10 दिनों में हर हाल में पूरा किया जाए। साथ ही सीवर कार्यों के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों और गलियों का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए।
कानून व्यवस्था को लेकर विधायक ने पुलिस प्रशासन को क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी मजबूत करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि लोनी के विकास, स्वच्छता और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन को जवाबदेह बनाया जाएगा।



