गोड्डा

गेरूआ नदी से दिनदहाड़े अवैध बालू खनन

जेसीबी से उठाव कर बिहार भेजा जा रहा बालू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
महगामा। महगामा प्रखंड क्षेत्र के हनवारा थाना अंतर्गत शाहिकित्ता (नारायणपुर) स्थित गेरूआ नदी में इन दिनों अवैध बालू खनन का कारोबार खुलेआम जारी है। आरोप है कि दिन के उजाले में जेसीबी मशीन लगाकर नदी से बड़े पैमाने पर बालू का उठाव किया जा रहा है और उसे सीमावर्ती राज्य बिहार की ओर परिवहन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बालू माफिया बिना किसी डर के लगातार नदी से बालू निकाल रहे हैं, जिससे प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सुबह से लेकर देर शाम तक नदी किनारे ट्रैक्टरों की आवाजाही लगी रहती है। जेसीबी मशीन से सीधे नदी के भीतर से बालू निकालकर ट्रैक्टरों पर लोड किया जाता है और फिर उसे बिहार की सीमा की ओर भेज दिया जाता है। लोगों का आरोप है कि यह पूरा काम संगठित तरीके से किया जा रहा है, लेकिन संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अवैध खनन के कारण नदी के अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा है। लगातार मशीनों से खनन किए जाने से नदी का स्वरूप बिगड़ रहा है और आसपास के क्षेत्रों में कटाव की आशंका भी बढ़ गई है। पर्यावरण पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को लेकर भी ग्रामीणों में चिंता देखी जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए नियमित छापेमारी अभियान चलाया जाए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button