मथुरा
दरोगा के अभद्र व्यवहार पर भड़के ग्रामीण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। थाना नौहझील क्षेत्र में मानागढ़ी पुलिस चौकी इंचार्ज के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। वाहन चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली और परिक्रमार्थियों से दुर्व्यवहार आ आरोप लगाते हुए ग्रामीण दोपहर एक बजे पुलिस चौकी के समीप अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन को भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने समर्थन दिया। धरने का नेतृत्व कर रहे गांव मानागढ़ी निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग घूरे सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात वह अपनी पत्नी का मथुरा से इलाज कराकर कार से लौट रहे थे। रास्ते में दरोगा एक युवक का वाहन रोककर अभद्रता कर रहे थे। उन्होंने बुजुर्ग होने के नाते बीच-बचाव का प्रयास किया तो दरोगा ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। इसी अपमान से क्षुब्ध होकर धरने पर बैठना पड़ा। शाम करीब 6 बजे थाना प्रभारी जगदम्बा सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाया। ग्रामीणों ने साफ किया कि धरना केवल स्थगित किया गया है, यदि दरोगा को नहीं हटाया गया तो वे दोबारा आंदोलन के लिए विवश होंगे। धरने में योगेंद्र सिंह, कैप्टन छीतरिया सिंह, इंद्रपाल सिंह, पूरन सिंह, सुखवीर, बहादुर सिंह, इंद्रजीत सिंह, अमर सिंह, लाखन सिंह, भजनलाल आदि मौजूद रहे।



