मथुरा

मृत्युभोज का बचा भोजन खाने से 12 गोवंशों की मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। थाना रिफाइनरी क्षेत्र के गांव भैंसा स्थित गोशाला में मृत्युभोज के बाद बचा भोजन खिलाए जाने से एक दर्जन गोवंशों की मौत हो गई, जबकि कई बीमार हो गईं। घटना के बाद से गोसेवकों में आक्रोश है। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच के आदेश दिए हैं। गांव भैंसा के प्रधान जगन्नाथ सिंह का हाल ही में हृदयाघात से निधन हो गया था। बुधवार को बड़े स्तर पर मृत्युभोज आयोजित किया गया, जिसमें चौरासी गांवों के लोगों को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के बाद बड़ी मात्रा में बचा हुआ दही और पुआ गांव के बाहर स्थित गोशाला में गोवंशों को खिलाने के लिए भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी के चलते भोजन खराब हो गया था। शुक्रवार को जैसे ही गोवंशों ने यह भोजन खाया, उनकी हालत बिगड़ने लगी। एक के बाद एक कई गोवंशों के मुंह से झाग निकलने लगे। एक दर्जन गोवंश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इससे गोशाला व गांव में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सदर आदेश कुमार एवं थाना प्रभारी जयविंद गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वेटरनेरी कॉलेज से पशु चिकित्सकों की टीम बुलाकर बीमार गोवंशों का उपचार शुरू कराया गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button