मथुरा
वृंदावन में बाबाओं पर यौन शोषण और जान से मारने की धमकी का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन परिक्रमा मार्ग स्थित आश्रम से शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आश्रम में रहकर पढ़ाई कर रहे शिष्य ने दो बाबाओं पर यौन शोषण करने, पीटने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। विशेष न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शनिवार को पीड़ित के बयान दर्ज किए हैं। मूल रूप से झारखंड के जिला गुमला निवासी नाबालिग नगर के परिक्रमा मार्ग स्थित आश्रम में रहकर पढ़ाई करता है। नाबालिग के संरक्षक ने कोतवाली में दो बाबाओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि बाबा राम अखंड दास पीड़ित को अपने साथ बनारस स्थित आश्रम ले गए थे, जहां जुलाई 2024 तक उन्होंने उसके साथ यौन शोषण किया। इसके बाद आरोपी बाबा उसे वृंदावन के परिक्रमा मार्ग स्थित आश्रम ले आए। यहां भी राम अखंड दास ने उसका शोषण जारी रखा। इसके बाद गत 21 जून की रात करीब 10 बजे आश्रम के ही दूसरे बाबा बालगोविंद दास ने भी पीड़ित के साथ जबरन यौन शोषण किया। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया तो मुंह में कपड़ा ठूंस कर लात-घूंसों व डंडों से मारपीट की गई। आरोपियों ने पीड़ित को धमकी दी कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया, तो उसे जिंदा नहीं छोड़ेंगे। गत 20 अगस्त को जब बाबा बालगोविन्द दास के गुरु महंत काशी से वृंदावन आश्रम आए तो पीड़ित ने उन्हें अपनी आपबीती सुनाई। आरोप है कि महंत ने न्याय करने के बजाय अपने शिष्य बालगोविंद का ही पक्ष लिया और पीड़ित को आश्रम से निकालने की धमकी दी।



