रामपुर शाहबाद
तहसील परिसर में बंदरों के हमले से मासूम घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। तहसील परिसर में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को तहसील परिसर में अपने पिता के चैंबर पर बैठे एक मासूम बच्चे पर बंदरों ने अचानक हमला कर दिया, जिससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार मोहल्ला फर्राशान निवासी शानज़ल हुसैन पुत्र तवक्कुल हुसैन अपने पिता के साथ तहसील परिसर स्थित उनके चैंबर पर बैठा था। इसी दौरान अचानक आए बंदरों के झुंड ने बच्चे पर हमला कर दिया और उसे काट लिया। बच्चे के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बंदरों को भगाया।
घटना के बाद परिजन घायल बच्चे को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बच्चे का प्राथमिक उपचार किया। साथ ही एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाने के बाद हालत को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रामपुर रेफर कर दिया।तहसील परिसर में बंदरों के बढ़ते आतंक से अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।



