असम के पंचायत एवं ग्रामोन्नयन विभाग की 100-दिनी कार्ययोजना की प्रगति पर मंत्री अतुल बोरा ने की समीक्षा।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम के पंचायत एवं ग्रामोन्नयन विभाग के मंत्री अतुल बोरा़ ने सोमवार 25 मई को दिसपुर के जनता भवन में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभाग की पहले 100-दिनी कार्ययोजना की लागू होने की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। यह बैठक मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा भाजपा गठबंधन के सहयोगी दलों में से एक असम गण परिषद के अध्यक्ष अतुल बोरा़ को विभाग का जिम्मा सौंपने के बाद हुई पहली समीक्षा बैठक थी। बैठक में मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और असम राज्य ग्रामीण जीवनयापन अभियान (ASRLM) समेत कई महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में हुई प्रगति पर चर्चा की गई। मंत्री अतुल बोरा़ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की जीवनशैली में सुधार लाने के उद्देश्य से उठाए गए कदमों की निगरानी जारी रहेगी तथा योजनाओं को समयसीमा के भीतर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी अधिकारी पूरी तत्परता से कार्य करें। अधिकारियों ने ASRLM के तहत हालिया पहलों, खाली पदों के शीघ्र भरने, सेवा वितरण व्यवस्था को सशक्त करने और त्रुटिपूर्ण खाते तथा संस्थागत क्षमता सुधारकर एनपीए घटाने की रणनीतियों पर जानकारी दी। बैठक में वित्तीय अनुशासन और सामूहिक संस्थाओं की सुदृढ़ता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। मंत्री ने सभी उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों से अनुरोध किया कि वे 100-दिनी कार्यक्रम को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए योजनाबद्ध व समन्वित रूप से कार्य करें तथा कार्यान्वयन में किसी भी कमी को तुरन्त दूर करें। बैठक में विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. बी. कल्याण चक्रवर्ती, आयुक्त कीर्ति जल्ली, विशेष सचिव मुनिंद्र शर्मा, सचिव पुष्पांजलि दास, गौतम दास, अरूप कुमार शर्मा, ASRLM के प्रबंध संचालक कुंतलमणि शर्मा बरदोलोई तथा संयुक्त सचिव अर्चित्रा सोनवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।


