रामपुर शाहबाद
खून से लिखे पत्र ने तेज की शाहबाद की रेल मुहिम, नेहा गुप्ता बोलीं- अब नहीं रुकेगी आवाज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। शाहबाद को रेल मार्ग से जोड़ने की मांग अब जनआंदोलन का रूप लेती दिखाई दे रही है। क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी रेल लाइन की मांग को लेकर चल रही मुहिम लगातार जोर पकड़ रही है। इसी क्रम में दूसरे दिन महिला शक्ति की मिसाल पेश करते हुए नेहा गुप्ता ने अपने खून से प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को पत्र लिखकर शाहबाद में रेल लाइन निर्माण की मांग उठाई।
नेहा गुप्ता के इस कदम ने पूरे क्षेत्र में नई चर्चा छेड़ दी है। लोगों ने उनके जज्बे और क्षेत्रहित में उठाई गई आवाज की सराहना की। उन्होंने कहा कि शाहबाद आज भी रेल सुविधा से वंचित है, जिससे यहां के लोगों को शिक्षा, रोजगार, व्यापार और इलाज के लिए दूसरे शहरों तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।उन्होंने कहा कि यदि शाहबाद को रेल लाइन से जोड़ दिया जाए तो क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी, युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने अपने खून से लिखे पत्र में प्रधानमंत्री से अपील की कि शाहबाद क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को गंभीरता से लेते हुए जल्द रेल लाइन स्वीकृत कराई जाए।नेहा गुप्ता ने कहा कि यह सिर्फ रेल लाइन की मांग नहीं, बल्कि लाखों लोगों की भावनाओं और भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार क्षेत्रवासियों की आवाज को जरूर सुनेगी।उधर, रेल लाइन की मांग को लेकर शुरू हुआ अभियान अब लगातार विस्तार ले रहा है। युवा, व्यापारी, छात्र, महिलाएं और सामाजिक संगठन इस मुहिम से जुड़ते जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब तक शाहबाद को रेल सुविधा नहीं मिलती, तब तक आंदोलन और जनजागरण अभियान लगातार जारी रहेगा।
स्थानीय लोगों ने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय से जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर शाहबाद क्षेत्र को रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग की है, ताकि क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके।



