गाजियाबाद
गाजियाबाद के अंकुर विहार में मकान गिरा
पिता पुत्री समेत दो लोग मलबे में दबे; बच्ची की हालत गंभीर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : पुलिस कमिश्नरेट के थाना अंकुर विहार क्षेत्र स्थित शरद सिटी में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। पड़ोसी द्वारा मकान की गहरी नींव खोदने के दौरान पास का मकान भरभराकर गिर गया, जिससे उसमें रह रहे दो लोग मलबे में दब गए। हादसे में पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें 12 वर्षीय बच्ची की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना आज करीब 1 बजे हुई। जिला कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अंकुर विहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे संजय पुत्र नारायण (32 वर्ष) और उनकी 12 वर्षीय बेटी निशा को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि अशोक प्रजापति के मकान में राजस्थान निवासी सोनू और संजय अपने परिवार के साथ किराए पर रहते थे। पड़ोस में रहने वाला प्रीतम पुत्र भोगेंद्र अपने मकान का निर्माण करा रहा था। आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान नींव अत्यधिक गहरी खोद दी गई, जिससे बगल का मकान असंतुलित होकर गिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मकान गिरने से पहले तेज आवाजें आने लगी थीं। आवाज सुनते ही कई लोग पीछे के दरवाजे से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि मकान में दर्जनों लोग रहते हैं
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बचाव कार्य के लिए दौड़ पड़े और पुलिस के साथ मिलकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। और मलबे में दबे पिता पुत्री को लेकर अस्पताल पहुंचे।जहां निशा नामक लड़की की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है



