जनगणना-2027 के प्रथम चरण का अधिशासी अधिकारी ने लिया जायजा
राज्यमंत्री आवास की भी हुई गणना, नागरिकों से सहयोग की अपील
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद के चार्ज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा द्वारा लगातार फील्ड भ्रमण कर जनगणना कार्यों की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को उन्होंने सुपरवाइजरों, प्रगणकों एवं फील्ड ट्रेनरों के साथ विभिन्न ब्लॉकों का निरीक्षण कर जनगणना कार्य का जायजा लिया। इस दौरान अधिशासी अधिकारी वार्ड नंबर-09 स्थित सुपरवाइजर सर्किल नंबर-15 के हाउस लिस्टिंग ब्लॉक-20 में पहुंचे, जहां राज्यमंत्री मनोहरलाल के आवास की गणना भी की गई। राज्यमंत्री ने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है। यह केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि भविष्य की योजनाओं, संसाधनों के समुचित वितरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जब भी जनगणना प्रगणक उनके घर पहुंचें, तब सही एवं पूर्ण जानकारी देकर इस राष्ट्रीय दायित्व में सहभागिता सुनिश्चित करें। चार्ज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि जनगणना-2027 के कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु नगर क्षेत्र के 26 वार्डों को कुल 311 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक ब्लॉक में प्रगणकों की नियुक्ति की गई है तथा उनकी निगरानी के लिए सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं, जो घर-घर जाकर जनगणना कार्य कर रहे हैं। इस दौरान फील्ड ट्रेनर शक्ति सिंह अहिरवार, कल्याण सिंह रजावत, प्रगणक राहुल जैन, अनुराधा चौबे, आलोक स्वामी, चन्द्रप्रकाश चौबे सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।



