ललितपुर

मौसम विभाग का रेड अलर्ट जारी, डीएम ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की

100 किमी प्रति घंटा तक चल सकती हैं तेज हवाएं, भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जिले के लिए आगामी दो दिनों का रेड अलर्ट जारी किया गया है। संभावित भारी वर्षा, आंधी-तूफान, अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने जनपदवासियों से सावधानी बरतने और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने की अपील की है। जिलाधिकारी ने कहा कि मौसम विभाग के अनुसार 29 मई को मौसम का प्रभाव सबसे अधिक रहने की संभावना है। इस दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। उन्होंने नागरिकों से आंधी-तूफान के दौरान घरों के अंदर सुरक्षित रहने, पुराने पेड़ों, कमजोर दीवारों, बिजली के खंभों और बड़े होर्डिंग्स के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है। प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को अलर्ट जारी करते हुए आपदा नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, नगर निकाय, सिंचाई, लोक निर्माण और आपदा प्रबंधन विभाग को समन्वय बनाकर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों तथा नगर निकायों के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नगर निकायों को जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने, नालों की सफाई कराने और जलभराव वाले क्षेत्रों पर निगरानी रखने के लिए कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग को जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर दवाइयों, एम्बुलेंस और आपात चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं विद्युत विभाग को जर्जर तारों और पोलों की समीक्षा कर मरम्मत दल सक्रिय रखने के लिए कहा गया है। आपदा विशेषज्ञ आरती सिंह के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से 28 मई से 31 मई तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, ओलावृष्टि और व्यापक वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। प्रशासन ने आपात स्थिति में पुलिस और अग्निशमन सेवा के लिए 100 एवं 101, एम्बुलेंस सेवा के लिए 108 और 102 तथा जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 1077 और 05176-272613 पर संपर्क करने की अपील की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button