कैराना

अवैध हिरासत व वसूली के आरोप में एडीजी से लगाई गुहार

न्याय न मिलने पर मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्महत्या की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे के मोहल्ला खेल निवासी एक कपड़ा व्यापारी ने पुलिस पर अवैध हिरासत में लेकर मारपीट करने और 16 हजार रुपये की वसूली करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को एडीजी मेरठ कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मामले में अब तक उसे न्याय नहीं मिला है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वह मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्महत्या करने को मजबूर होगा।मोहल्ला खेल निवासी आरिफ पुत्र लतीप ने बताया कि वह कपड़ा व्यापारी है। विगत शुक्रवार को मोहल्ले में हुए एक विवाद के संबंध में उसने पुलिस को सूचना दी थी। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने उस पर पुलिस को सूचना देने का आरोप लगाते हुए मारपीट की। आरिफ का कहना है कि पुलिस उसे अपने साथ ले गई और अवैध रूप से हिरासत में रखकर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि पुलिस ने उससे 16 हजार रुपये भी वसूले और देर रात उसे छोड़ा गया।पीड़ित ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री समेत अन्य उच्चाधिकारियों से करते हुए न्याय की मांग की थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच सीओ कैराना को सौंपी थी। जांच के क्रम में सीओ कार्यालय से पहुंची पुलिस टीम ने पीड़ित के बयान भी दर्ज किए थे। पीड़ित कें गवाह बिलाल ने भी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था। उनका आरोप था कि पुलिस ने दबाव बनाकर बयान दर्ज कराए हैं।मंगलवार को आरिफ अपने परिजनों के साथ एडीजी मेरठ कार्यालय पहुंचा और लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की। पीड़ित का कहना है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्महत्या करने को विवश होगा।
————–
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button