ललितपुर

नयागांव के किसान की संदिग्ध हत्या से सनसनी

दोनों हाथ कटे मिले, परिजनों ने लगाया अपहरण कर हत्या का आरोप

घंटाघर पर ग्रामीणों संग प्रदर्शन, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। थाना जाखलौन क्षेत्र के ग्राम नयागांव निवासी एक किसान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के दोनों हाथों के पंजे कटे होने और शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद परिजनों ने गांव के ही चार लोगों पर अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार को शहर के घंटाघर चौराहे पर प्रदर्शन कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। ग्राम नयागांव निवासी अनिल झां पुत्र धनीराम ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उनके पिता धनीराम पुत्र हरदास अपने कुएं वाले खेत में लगे आम के पेड़ों की रखवाली कर रहे थे। आरोप है कि 27 मई 2026 को दोपहर करीब तीन बजे गांव के ही गफूर खां, कलामुद्दीन, वाहिद तथा कन्छेदी वहां पहुंचे और आम के पेड़ों पर अपना दावा जताते हुए धनीराम को रखवाली करने से रोकने लगे। शिकायत के अनुसार जब धनीराम और उनके पुत्र अनिल ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उन्होंने कहा कि यदि आम के पेड़ों की रखवाली की गई या फल तोड़े गए तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस संबंध में सूचना गांव के चौकीदार को भी दी गई थी। परिजनों का कहना है कि 31 मई की रात करीब नौ बजे अनिल अपने पिता को खाना देने खेत पर पहुंचे, लेकिन धनीराम वहां नहीं मिले। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लगा। अगले दिन थाने में सूचना दी गई और तलाश जारी रही। शिकायतकर्ता का आरोप है कि खोजबीन के दौरान उन्होंने गांव के बाहर एक कुएं के पास कथित रूप से आरोपियों को उनके पिता को मुंह बंद कर जबरन वाहन में ले जाते हुए देखा था, लेकिन रात अधिक होने के कारण तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दे सके। इसी बीच 2 जून की शाम करीब छह बजे राजघाट बांध के बरदेही क्षेत्र के पास धनीराम का शव मिलने की सूचना मिली। परिजन मौके पर पहुंचे तो शव की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। आरोप है कि मृतक के दोनों हाथों के पंजे कटे हुए थे और शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे। इसके बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कठोर कार्रवाई की मांग की। मामले से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार को ललितपुर शहर के घंटाघर चौराहे पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को जांच का विषय बताते हुए सभी पहलुओं पर पड़ताल शुरू कर दी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button