जालौन
नकलविहीन, शांतिपूर्ण तरीके से टीजीटी परीक्षा में प्रशासन रहा सतर्क
डीएम, एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, दोनों पालियों में रही कड़ी निगरानी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। बुधवार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) लिखित परीक्षा जनपद में नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन हेतु जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरे समय सतर्क एवं सक्रिय रहा।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, सीसीटीवी निगरानी, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था तथा आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जनपद में टीजीटी परीक्षा के लिए कुल सात परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। प्रथम पाली में कुल 2,788 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 1,269 अभ्यर्थी उपस्थित तथा 1,519 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में कुल 2,127 अभ्यर्थियों में से 1,033 अभ्यर्थी उपस्थित एवं 1,094 अनुपस्थित रहे। परीक्षा दोनों पालियों में पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि परीक्षा केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा गया। संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी गई तथा किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस बल लगातार सक्रिय रहा।

