बागपत
बागपत में प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ बड़ी पहल
10 स्थानों पर स्थापित हुए प्लास्टिक कलेक्शन बैंक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत, बागपत। पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण की समस्या से निपटने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था हरित प्राण ट्रस्ट ने बागपत जनपद में एक महत्वपूर्ण अभियान की शुरुआत की है। ट्रस्ट द्वारा जिले के 10 प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्लास्टिक कलेक्शन बैंक स्थापित किए गए हैं, जहां नागरिक अपने घरों और आसपास से एकत्रित सूखे प्लास्टिक कचरे को जमा कर सकेंगे।
इन स्थानों पर लगाए गए प्लास्टिक कलेक्शन बैंक
जिला मुख्यालय, बागपत
तहसील परिसर, बड़ौत
तहसील परिसर, बागपत
तहसील परिसर, खेकड़ा
थाना बड़ौत
जिला अस्पताल, बागपत
कोर्ट परिसर, बागपत
ग्लोबल गर्ल्स स्कूल, बड़ौत
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, बागपत
गुफा वाला मंदिर, बागपत
पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ
इस जनहितकारी अभियान का शुभारंभ हरित प्राण ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. दिनेश बंसल, उपाध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार, संरक्षक डॉ. सुभाष जैन, सचिन गुप्ता, राजेंद्र सिंह, आकिब, दानिश, विकास, एडवोकेट धनवीर, एडवोकेट विनय, एडवोकेट सुनील पवार तथा एडवोकेट सोमेंद्र ढाका सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रीसाइक्लिंग के लिए लोगों को किया जाएगा प्रेरित
ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. दिनेश बंसल ने बताया कि इन कलेक्शन बैंकों में प्लास्टिक की बोतलें, कैरी बैग, खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग, डिस्पोजेबल सामग्री तथा अन्य सूखा प्लास्टिक कचरा एकत्र किया जाएगा। एकत्रित प्लास्टिक को रीसाइक्लिंग इकाइयों तक पहुंचाकर पुनः उपयोगी उत्पादों में परिवर्तित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल प्लास्टिक कचरा एकत्र करना नहीं, बल्कि लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। यदि नागरिक प्लास्टिक को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थानों पर जमा करेंगे तो प्रदूषण में कमी आएगी और स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्वच्छ और हरित बागपत की दिशा में कदम
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्लास्टिक का उपयोग कम करने, एकल उपयोग वाले प्लास्टिक से बचने तथा प्लास्टिक कचरे को कलेक्शन बैंकों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।
हरित प्राण ट्रस्ट ने जनपदवासियों से आह्वान किया है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और “स्वच्छ बागपत, सुंदर बागपत एवं हरित बागपत” के लक्ष्य को साकार करने में अपना योगदान दें।



