जालौन
डकोर पुलिस ने 24.715 किलो गांजे के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई- जनपद जालौन में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना डकोर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 24 किलो 715 ग्राम अवैध गांजा तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 930 रुपये नकद बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह के निर्देशन में जनपदभर में अवैध शराब के निष्कर्षण, परिवहन तथा नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर उरई राजीव कुमार शर्मा एवं थाना डकोर प्रभारी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस को चार संदिग्ध युवक मिले जिनके पास मौजूद तीन ट्रॉली बैग और एक पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैगों से कुल 24 किलो 715 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही 930 रुपये नकद और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल पुत्र जय सिंह कुशवाहा निवासी मोहल्ला खंडेराव, कोतवाली जालौन रवि कुमार पुत्र संतोष रैकवार निवासी ग्राम छेवटा, थाना समथर, जनपद झांसी दीपक पुत्र श्रीकृष्ण कुशवाहा निवासी मोहल्ला शिवपुरी कोतवाली उरई तथा अभिषेक पुत्र दुलीचंद्र कुशवाह निवासी मोहल्ला शिवपुरी कोतवाली उरई के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना डकोर में मुकदमा अपराध संख्या 70/2026, धारा 08/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था। पुलिस का मानना है कि पूछताछ से नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। जनपद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है जिससे क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।



