असम के नगाँव में मंत्री पियूष हज़ारिका का विभागीय समीक्षा बैठक
खुदरोज़गार और सिंचाई सुधार पर ज़ोर।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम सरकार में नए नियुक्त मंत्री तथा नगांव जिले के अभिभावक मंत्री पियूष हज़ारिका मंगलवार को नगाँव जिले पहुंचे और जिले के सभी विभागीय कार्यों की समग्र समीक्षा की। जिले के आयुक्त कार्यालय की सभाकक्ष में आयोजित बैठक में असम सरकार के कृषि, सिंचाई आदि विभाग के मंत्री पियूष हजारिका ने मुख्यमंत्री के आत्मनिर्भर असम अभियान और मुख्यमंत्री के महिला उद्यमिता योजना से जुड़ी पहलों की जानकारी लेते हुए कहा कि सरकार दो लाख लोगों को नई नोकरी देने का निर्णय ले चुकी है, पर यह समस्या का स्थायी समाधान देने के लिए पर्याप्त नहीं होगा। इसलिए स्व-रोज़गार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं के ज़रिए आत्म-नियोजित होने पर विशेष जोर दिया जाएगा। मंत्री ने बताया कि आत्मनिर्भर असम अभियान के अन्तर्गत 10 लाख युवा-युवतियों को स्वरोजगार के अवसर मुहैया कराने की व्यवस्था की जा रही है, और ऋण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों का सही उपयोग सुनिश्चित करने के लिए कड़ी निगरानी लागू की जाएगी। उन्होंने जिले में कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों के पंजीकरण संख्या में वृद्धि लाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। नगाँव के सिंचाई योजनाओं की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ परियोजनाएँ या तो असफल रही हैं या उनका पर्याप्त उपयोग नहीं हो पा रहा। ऐसे अकुशल या अकार्यक्षम अनुप्रयोगों को पुनर्जीवित करने के लिए विभागीय अधिकारियों को शीघ्र एक कार्ययोजना तैयार करने के कड़े निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि वे निकट भविष्य में फिर नगाँव आकर प्रत्येक विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करेंगे। बैठक में नगाँव-बटद्रवा विधानसभा से विधायक रूपक शर्मा, बरहमपुर से जीतू गोस्वामी, रहा से शशीकांत दास, ढिंग से मेहबूब मुक्तार, चामगुड़ी से तंज़िल हुसैन तथा रूपहीहाट के नूरुल हुडा सहित जिले के सभी विधायक उपस्थित रहे। नगांव जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा ने नव-नियुक्त मंत्री का जिले में गर्मजोशी के साथ स्वागत करते हुए कहा कि मंत्री के मार्गदर्शन व सुझावों के आधार पर जिले को आगे बढ़ाने के सभी अधिकारी तत्पर हैं। बैठक की शुरुआत में आयुक्त ने पुष्पगुच्छ, गमोचा और शाल ओढ़ाकर मंत्री का स्वागत किया। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला विकास आयुक्त, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और समस्त अतिरिक्त आयुक्त सहित सभी विभागीय प्रमुख उपस्थित थे। मंत्री ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से परिचय भी लिया। इससे पहले मंत्री पियूष हज़ारिका ने होजाई जिले में में भी इसी प्रकार की समीक्षा बैठक में भाग लिया।



