बरेली
बरेली में 14 से 16 जून तक जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का होगा आयोजन
विभाग लगाएंगे स्टॉल, एक छत के नीचे मिलेंगी केंद्र-राज्य सरकार की योजनाएं

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली । केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 14 जून से 16 जून 2026 तक जनपद के समस्त विकास खण्डों में त्रि-दिवसीय जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को मेले को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उक्त मेले विकास खण्ड स्तर पर सुबह 10 बजे से आयोजित होंगे तथा खण्ड विकास अधिकारियों को पूरी व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी को मेले का समन्वयक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि मेले में एक छत के नीचे केंद्र और राज्य की योजनाओं की जानकारी मिलेगी। इसके अंतर्गत आयुष्मान भारत, पीएम सूर्यघर, पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम स्वनिधि, अटल पेंशन योजना सहित केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी मिलेगी। साथ ही मुख्यमंत्री जन-आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला, ओडीओपी/ओडीओसी, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आदि राज्य सरकार की योजनाओं के स्टॉल भी लगेंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि मेले की खास बात यह है कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं के लिए मौके पर ही पंजीकरण किया जाएगा। योजनाओं से लाभान्वित लोगों की ‘‘सफलता की कहानियाँ‘‘ भी प्रदर्शित की जाएंगी। स्वास्थ्य मेला और जन-आरोग्य मेले भी साथ में आयोजित होंगे।



