गोड्डा
नीट पेपर लीक पर फूटा युवाओं का गुस्सा, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तेज
गोड्डा में युवाओं का जोरदार व आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
जवाब दो या इस्तीफा दो के नारों से गूंजी सड़कें
युवाओं ने न्याय और रोजगार की उठाई मांग
गोड्डा। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर गोड्डा में युवाओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। विभिन्न छात्र एवं युवा संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में युवाओं ने सड़क पर उतरकर केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। प्रदर्शन के दौरान नीट घोटाले पर जवाब दो, जवाब नहीं तो इस्तीफा दो, युवा मांगे न्याय और रोजगार, तथा छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। युवाओं ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही परीक्षा अनियमितताओं ने शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं। युवाओं ने मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा छात्रों को न्याय दिलाया जाए। भारतीय युवा युग कांग्रेस आर्यदीप युवा नेताओं ने कहा कि देश में बढ़ती बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण युवाओं में निराशा बढ़ रही है। सरकार को युवाओं के भविष्य और रोजगार के मुद्दे पर गंभीरता से काम करना चाहिए। प्रदर्शन के अंत में युवाओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपते हुए मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि छात्रों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।



