शामली

नगर पालिका बोर्ड बैठक में 44 करोड़ 68 लाख के विकास प्रस्तावों पर लगी मुहर

टैक्स व्यवस्था व किराया वृद्धि का सभासदों ने किया विरोध, कई वार्डों में विकास न होने पर जताई नाराजगी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। नगर पालिका परिषद में आयोजित बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से 44 करोड़ 68 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई। बैठक के दौरान कई सभासदों ने नगर में लागू की गई टैक्स व्यवस्था और पालिका की दुकानों के बढ़े हुए किराए का विरोध करते हुए इसे वापस लेने की मांग उठाई। वहीं कई सभासदों ने अपने-अपने वार्डों में पिछले चार वर्षों से विकास कार्य नहीं होने का आरोप लगाते हुए नाराजगी व्यक्त की।शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम व अधिशासी अधिकारी पूर्णिमा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में नगर के विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सभासद जुनैद मुखिया ने कहा कि नगरवासियों पर टैक्स व्यवस्था का अतिरिक्त बोझ डाला गया है, जिसे तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए। साथ ही पालिका की दुकानों के व्यापारियों पर बढ़ाए गए किराए में कमी की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके वार्ड में कई वर्षों से कोई  विकास कार्य नहीं कराया गया है।सभासद फारूक अंसारी ने कहा कि वह प्रत्येक बोर्ड बैठक में विकास कार्यों को लेकर शिकायती पत्र देते आ रहे हैं, लेकिन उनके पत्रों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके अलावा अन्य वार्डों के सभासदों ने भी अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं।बैठक के दौरान कुछ सभासदों ने आरोप लगाया कि अधिशासी अधिकारी बीच बैठक से अपनी कुर्सी छोड़कर चली गईं, जिसको लेकर सभासदों में नाराजगी दिखाई।वहीं नगर पालिका परिसर में जलभराव की समस्या के चलते बोर्ड बैठक निर्धारित समय से कई घंटों देरी से शुरू हुई। सभासदों और कर्मचारियों को जलभराव से होकर बैठक स्थल तक पहुंचना पड़ा।सभासद जावेद खान ने सभी सभासदों से आपसी मतभेद भुलाकर नगर के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।नामित सभासदों ने अपने आवास के बाहर बोर्ड लगवाने की मांग की।नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने कहा कि टैक्स व्यवस्था संबंधी आदेश शासन स्तर से जारी किए गए हैं और उनके द्वारा इस संबंध में कोई नया प्रस्ताव पारित नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि नगरवासियों की समस्याओं को देखते हुए कई संशोधन किए गए हैं तथा टैक्स में राहत देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर की सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।बैठक में सभासद मुस्तफा, शाहरुख, कय्यूम, विक्रांत, यशु सैनी, मोहिद, राज, गुलबहार, अनिल बोहरा, इकराम अंसारी सहित अन्य सभासद एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button