ललितपुर

कालापहाड़ में रात्रि चौपाल, अधिकारियों ने गिनाईं केन्द्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां

लाभार्थियों को बांटे स्वीकृति पत्र, डेमो चाभियां व चेक, अधिकारियों ने गांव में रात्रि निवास कर सुनीं समस्याएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत शनिवार को विकासखंड जखौरा के ग्राम कालापहाड़ में रात्रि जन चौपाल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा की गई तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र, डेमो चाभियां एवं चेक वितरित किए गए। साथ ही केन्द्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों से ग्रामीणों को अवगत कराया गया। विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपालों का आयोजन कर पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अधिकारी गांव में रात्रि निवास कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनेंगे और उनके समाधान की दिशा में कार्य करेंगे। पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं, जिनसे गरीब, किसान, महिला, युवा और जरूरतमंद लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि रात्रि चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को नजदीक से समझना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश की कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के कारण अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ी है। चौपाल के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र एवं डेमो चाभियों का वितरण किया गया। इसके अलावा महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। कार्यक्रम में सीडीओ शेषनाथ चौहान, सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद, डीडीओ अतिरंजन सिंह, डीसी मनरेगा रमेश कुमार यादव, डीआईओएस ओ.पी. सिंह, डीसी उद्योग अतहर जमाल, डीपीओ नरेंद्र सिंह, वीडीओ सौरभ वर्णवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button