जालौन
प्राणघातक हमले में युवक घायल पुलिस ने किया गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
घायल युवक के पिता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में चार युवकों के नाम शामिल
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल स्टेशन रोड पर सोमवार को दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। बाइक और स्कूटी से आए कुछ युवकों ने एक युवक को घेरकर उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका उपचार किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। ग्राम कुइया निवासी अतुल वर्मा पुत्र मनीष वर्मा अपने मित्र कार्तिकेय मिश्रा को पल्सर मोटरसाइकिल से उसके घर छोड़ने जा रहा था। जैसे ही वह उरई स्टेशन रोड स्थित ब्लैक चिली रेस्टोरेंट के पास पहुंचा तभी पहले से घात लगाए बैठे स्कूटी और बाइक सवार युवकों ने उसे घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने बिना किसी चेतावनी के अतुल पर हमला बोल दिया और चाकुओं से उसकी पीठ व कंधे पर कई वार किए। अचानक हुई इस वारदात से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक को कई गंभीर चोटें आई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले फोन पर किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी विवाद के चलते हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पीड़ित के पिता द्वारा कोतवाली उरई में दिए गए प्रार्थना पत्र में चार युवकों के नाम दिए गए हैं उसी आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 127(2), 118(1), 352, 351(3) तथा 3(2)(v) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात ने शहरवासियों को झकझोर कर रख दिया है और लोग आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


