बरेली
अवैध कॉम्बैट आर्मी यूनिफॉर्म बेचने वाला दुकानदार अरबाज गिरफ्तार
एसपी सिटी मानुष पारीक बोले - राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली कैंट पुलिस ने अवैध रूप से सेना की कॉम्बैट यूनिफॉर्म रखने और बेचने के आरोप में एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम अरबाज बताया जा रहा है। पुलिस ने उसकी दुकान से आर्मी पैटर्न की वर्दी, कैप और बैज बरामद किए हैं। एसपी सिटी मानुष पारीक ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मानुष पारीक ने कहा कि आर्मी पैटर्न की यूनिफॉर्म बिना अनुमति के रखना और बेचना गंभीर अपराध है। इसका दुरुपयोग आतंकी और असामाजिक तत्व कर सकते हैं। एसपी सिटी मानुष पारीक ने साफ किया कि आरोपी अरबाज के नेटवर्क की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वर्दी कहां से लाई गई और किन लोगों को बेची गई। मानुष पारीक ने बताया कि कैंट एरिया में ऐसी दुकानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। कैंट थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सदर बाजार इलाके में एक दुकान पर सेना की कॉम्बैट यूनिफॉर्म अवैध रूप से बेची जा रही है। सूचना पर पुलिस ने दुकान पर छापा मारा। जांच में पता चला कि दुकानदार अरबाज के पास आर्मी की वर्दी रखने या बेचने का कोई लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने मौके से कई सेट कॉम्बैट ड्रेस, आर्मी कैप और रैंक बैज जब्त कर लिए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सेना की वर्दी का गलत इस्तेमाल राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। इसीलिए आर्मी पैटर्न की यूनिफॉर्म बेचना और रखना कानूनन अपराध है।
पुलिस ने आरोपी अरबाज के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि वह ये वर्दी कहां से लाता था और अब तक कितने लोगों को बेच चुका है।


