दुमका

“वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, विद्यार्थियों और आमजन ने बढ़-चढ़कर लिया भाग

Officials, students, and the general public participated enthusiastically in the event organized around the theme "Yoga for Old Age."

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
दुमका। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर इंडोर स्टेडियम में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “वृद्धावस्था के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से योग को जन-आंदोलन का स्वरूप देने तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त अभिजीत सिन्हा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वस्थ, निरोग एवं सकारात्मक जीवन के निर्माण के लिए योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इसके उपरांत प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सभी प्रतिभागियों ने निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुरूप विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम में ताड़ासन, वृक्षासन, भद्रासन, भुजंगासन, वज्रासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम तथा ध्यान जैसी महत्वपूर्ण योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और जीवन में सकारात्मकता का आधार भी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की तनावपूर्ण एवं व्यस्त जीवनशैली में योग की उपयोगिता और अधिक बढ़ गई है। उपायुक्त ने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से सुदृढ़, मानसिक रूप से संतुलित तथा सामाजिक रूप से जागरूक बनाता है। योग अनुशासन, संयम और आत्मविश्वास का विकास करता है। उन्होंने सभी जिलेवासियों से अपील की कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, विद्यार्थी, युवा वर्ग एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इंडोर स्टेडियम में बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल एवं प्रेरणादायक बना दिया।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button