बागपत
मानवता की मिसाल
महाराष्ट्र के अनाथ बच्चों की शिक्षा से विवाह तक का खर्च उठाएंगे पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बरनावा/बागपत : मानवता और जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर चलाए जा रहे सेवा कार्यों के तहत पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां ने एक बार फिर समाजसेवा की अनूठी मिसाल पेश की है। एमएसजी डेरा सच्चा सौदा एवं मानवता भलाई केंद्र, बरनावा (बागपत) में आयोजित ऑनलाइन गुरुकुल कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान पूज्य गुरु जी ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों का यह नैतिक दायित्व है कि वे असहाय, गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद के जीवन में खुशियां लाना सबसे बड़ी मानव सेवा है।
अनाथ बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी उठाने की घोषणा
डैप्थ (नशा एवं सामाजिक बुराइयों से मुक्ति) कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र के सासवड़ स्थित ममता बाल सदन नामक अनाथ आश्रम की प्रभारी स्मिता ने ऑनलाइन माध्यम से पूज्य गुरु जी से संवाद करते हुए आश्रम में रह रहे बच्चों की शिक्षा, पालन-पोषण और भविष्य को लेकर सहयोग की अपील की।
इस पर पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां ने आश्रम में रह रहे सभी अनाथ बच्चों की पढ़ाई, रहन-सहन, स्वास्थ्य देखभाल तथा उनके विवाह तक का संपूर्ण खर्च वहन करने की घोषणा की। यह घोषणा सुनते ही कार्यक्रम से जुड़ी साध-संगत ने जोरदार समर्थन व्यक्त किया और इस मानवता भलाई के कार्य की सराहना की।
20 वर्षीय जसप्रीत कौर को मिला नया आशियाना
कार्यक्रम का एक भावुक दृश्य उस समय देखने को मिला जब पंजाब के संगरूर जिले के गांव कमोमाजरा की 20 वर्षीय जसप्रीत कौर को नए बने पक्के मकान की चाबी सौंपी गई।
जसप्रीत कौर के पिता का वर्ष 2021 में निधन हो गया था, जिसके बाद परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। परिवार जिस घर में रह रहा था उसकी हालत बेहद जर्जर थी। बरसात के समय छत से पानी टपकता था और कई बार परिवार को पड़ोसियों के घरों में शरण लेनी पड़ती थी।
परिवार की इस कठिन परिस्थिति की जानकारी मिलने पर पूज्य गुरु जी ने तुरंत नया मकान बनवाने का निर्णय लिया। इसके बाद सैकड़ों सेवादारों के सहयोग से मात्र 48 घंटे में पक्का मकान तैयार कर दिया गया। मकान निर्माण का पूरा खर्च पूज्य गुरु जी द्वारा वहन किया गया।
खुशी से भर आया परिवार
नए घर की चाबी प्राप्त करते ही जसप्रीत कौर और उनके परिवार की आंखें नम हो गईं। परिवार ने भावुक होकर पूज्य गुरु जी तथा सेवा कार्य में जुटे सभी सेवादारों का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय कार्य है।
योग और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां
कार्यक्रम के दौरान डेरा सच्चा सौदा के शिक्षण संस्थानों की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि पूज्य गुरु जी से प्रशिक्षण प्राप्त 94 वर्षीय योग प्रशिक्षक इलम चंद इन्सां ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
वहीं शाह सतनाम जी गर्ल्स शिक्षण संस्थान ने अब तक देश को 11 अंतरराष्ट्रीय योग खिलाड़ी दिए हैं। संस्थान के खिलाड़ियों ने 8 विश्व कप और 6 एशियन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 38 स्वर्ण, 54 रजत और 41 कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है।
इस अवसर पर उपस्थित साध-संगत ने मानवता, शिक्षा, खेल और समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे इन प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।


