खैरथलमथुरा

हुसैनपुर में श्याम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में उमड़ी आस्था

भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
खैरथल। शहर के निकटवर्ती हुसैनपुर गांव में नवनिर्मित खाटू श्याम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत बुधवार को धार्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। दिनभर चले विभिन्न धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, वहीं विशाल भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसादी ग्रहण कर श्याम बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। इसके बाद गांव में महिलाओं की ओर से पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धालु जयकारों के साथ श्याम बाबा की प्रतिमा को सुसज्जित रथ में विराजमान कर पूरे गांव में भ्रमण कराते हुए मंदिर परिसर तक लेकर पहुंचे। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
आयोजक समिति के सदस्य राजेश गुर्जर ने बताया कि मंदिर निर्माण के बाद आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में आसपास के गांवों सहित दूर-दराज क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रतिमा स्थापना से पूर्व निकाली गई कलश यात्रा में महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
महोत्सव के दौरान लव स्टार एण्ड पार्टी द्वारा प्रस्तुत श्याम वंदना और मनमोहक भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे और पूरा वातावरण “हारे के सहारे, खाटू श्याम हमारे” के जयघोष से गूंजता रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मदनगिरी जी महाराज, हुसैनपुर ने की। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवा मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button