ललितपुर
अमरनाथ भंडारे के लिए ललितपुर से भेजी गई 8.83 लाख रुपये से अधिक की सहयोग राशि
शिवभक्तों के सहयोग से जुटी धनराशि, दिल्ली मुख्य समिति ने जताया आभार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। बाबा अमरनाथ बर्फानी की पावन सेवा एवं भंडारा आयोजन के लिए ललितपुर के श्रद्धालुओं ने एक बार फिर सेवा और समर्पण का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है। श्रीशिव सेवक दिल्ली (रजि.) की पोषपत्री कश्मीर शाखा के माध्यम से एकत्रित 8 लाख 83 हजार 578 रुपये की सहयोग राशि दिल्ली स्थित मुख्य समिति को प्रेषित की गई है। संस्था द्वारा जारी रसीद एवं पत्र के अनुसार यह राशि आगामी अमरनाथ यात्रा के दौरान आयोजित होने वाले विशाल भंडारे एवं सेवा कार्यों के लिए भेजी गई है। जय बाबा अमरनाथ बर्फानी तथा भूखे को अन्न, प्यासे को पानी के सेवा भाव के साथ शिवभक्तों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया। शाखा पदाधिकारियों ने बताया कि कुल 132 रसीद बुकों के माध्यम से श्रद्धालुओं से सहयोग राशि एकत्रित की गई। इस धनराशि में 4 लाख 94 हजार 650 रुपये नकद तथा 3 लाख 88 हजार 928 रुपये डिजिटल माध्यम (यूपीआई) से प्राप्त हुए। संपूर्ण राशि धर्मेन्द्र शुभम चौरसिया पुत्र हरिमोहन बांकेबिहारी चौरसिया के माध्यम से दिल्ली मुख्य समिति को भेजी गई। मुख्य समिति द्वारा 21 जून 2026 को जारी पत्र में ललितपुर शाखा एवं सभी दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया है कि बाबा बर्फानी की सेवा में ललितपुर के श्रद्धालुओं का योगदान अत्यंत प्रेरणादायक और सराहनीय है। समिति ने भगवान शिव से सभी भक्तों के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना भी की है। इस अवसर पर ललितपुर शाखा के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के समस्त शिवभक्तों, दानदाताओं एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि समाज की सेवा और धर्मार्थ कार्यों में जनसहभागिता ही संस्था की सबसे बड़ी शक्ति है। भंडारा सहयोग अभियान को सफल बनाने में शाखा के प्रधान रविन्द्र कुमार सेठी, सचिव योगेन्द्र शुक्ला तथा कोषाध्यक्ष राकेश कुमार सहित अनेक सेवादारों ने सक्रिय भूमिका निभाई। संस्था ने आशा व्यक्त की है कि भविष्य में भी श्रद्धालुओं का इसी प्रकार सहयोग और आशीर्वाद मिलता रहेगा।



