
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन (उरई)। कोतवाली जालौन में शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में करीब एक दर्जन शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें पुलिस विभाग से संबंधित मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को राहत प्रदान की गई, जबकि राजस्व संबंधी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी ने समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर चंद्र, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय यति, राजस्व विभाग के लेखपाल सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


