बरेली

स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता से धोखा, विकास के दावों की पोल खुली’ – मयंक शुक्ला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता मयंक शुक्ला ने रविवार को प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद बरेली टूटी सड़कों, जाम, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और अधूरी परियोजनाओं से जूझ रहा है। शुक्ला ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटन की गई स्काईवॉक, संजय कम्युनिटी हॉल परिसर का अमृत सरोवर और रेलवे स्टेशन के पास नगर निगम का कॉम्प्लेक्स वर्षों बाद भी जनता के किसी उपयोग में नहीं हैं। उन्होंने सवाल किया, “करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी इनका लाभ जनता को क्यों नहीं मिल रहा? जवाबदेही किसकी है ?”
उन्होंने काष्ठकला केंद्र की परियोजना को बार-बार तोड़कर बनाने को भ्रष्टाचार बताया और उच्चस्तरीय जांच की मांग की। साथ ही कहा कि CM ग्रिड योजना के तहत दीनदयालपुरम में समय सीमा बीतने के बाद भी सड़कें टूटी हैं और पार्किंग व्यवस्था ध्वस्त है।
मयंक शुक्ला ने कहा कि स्मार्ट सिटी के बावजूद शहर में एयर क्वालिटी खराब है, रैन बसेरों की कमी है, एम्स नहीं बना, क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल लखनऊ शिफ्ट हो गया, 300 बेड अस्पताल पूरी क्षमता से नहीं चल रहा, खुले मैनहोल जान ले रहे  हैं, सीबीगंज IT पार्क शुरू नहीं हुआ और करोड़ों के ट्रैफिक सिग्नल बेकार पड़े हैं।
उन्होंने किला ओवरब्रिज की जर्जर हालत और स्मार्ट मीटर से जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ पर भी नाराजगी जताई। कहा, “जनता को घोषणाएं नहीं, धरातल पर विकास चाहिए। अधूरी परियोजनाएं पूरी हों और दोषियों की जवाबदेही तय हो।” प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से भुवनेश यादव, विक्रांत सिंह पाल, राहुल यादव, अभिषेक यादव एवं मुजाहिद खान मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button