खैरथल

जिला कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों का शिविर के माध्यम से निस्तारण के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से विभागीय लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी उपखंड अधिकारियों एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी प्रकरण 30 दिन से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए तथा सभी प्रकरणों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को वास्तविक लाभ मिल सके।
पोलियो अभियान के तहत जिला कलेक्टर ने शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को आपसी समन्वय के साथ प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित पेंशन सत्यापन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को समय पर पेंशन का लाभ देने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने सभी उपखंड अधिकारियों को ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिविर की व्यवस्थाओं, प्राप्त आवेदनों, उनके निस्तारण एवं विभागवार प्रगति की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही शहरी सेवा शिविरों की प्रगति की भी नियमित समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण कराया जाए। जिला कलेक्टर ने सभी उपखंड अधिकारियों को शिविरों की प्रगति की निरंतर समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सार्वजनिक निर्माण सहित अन्य विभागों को भी शिविरों के माध्यम से लंबित प्रकरणों का निस्तारण कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, उप अधीक्षक लालसिंह, सहायक निदेशक आयुर्वेद विभाग अजीत बाल्याण, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ओमप्रकाश किराड़, अधीक्षण अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग धर्मवीर यादव, अधीक्षण अभियंता बिजली विभाग जेपी बैरवा, जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी, उपनिदेशक सहकारिता विभाग वेद प्रकाश सैनी, उपायुक्त श्रम विभाग प्रज्ञा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिले के सभी उपखंड अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button