शामली
कैराना में एसपी ने पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था
बाजारों में लिया कानून-व्यवस्था का जायजा

व्यापारियों व नागरिकों से किया संवाद, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। जनपद में अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था और आमजन में सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह ने सोमवार को कैराना नगर में व्यापक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पैदल गश्त के दौरान एसपी ने निर्देश दिए कि बाजारों में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर कड़ी नजर रखी जाए। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवांछनीय गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने। उन्होंने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए अपील की कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या आपातकालीन सेवा 112 पर दें। गश्त के दौरान बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया। पुलिस अधिकारियों की सक्रिय मौजूदगी से आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल देखने को मिला।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार, थाना कैराना पुलिस सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शामली पुलिस जनपद में शांति, कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
