
व्यापार-शिक्षा-पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार, दिल्ली-एनसीआर की यात्रा अब मिनटों की दूरी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बरेली और नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के बीच बहुप्रतीक्षित हवाई सेवा बुधवार से शुरू हो गई। पहली उड़ान के साथ बरेली ने उत्तर प्रदेश के एविएशन मैप पर एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली। उद्घाटन समारोह में बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने पहली महिला यात्री को पहला बोर्डिंग पास सौंपकर इस नई हवाई सेवा का शुभारंभ किया।
नई उड़ान को यादगार बनाने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी और विमानन कंपनी ने खास आयोजन रखा। सांसद छत्रपाल गंगवार, एयरपोर्ट निदेशक अवधेश अग्रवाल, एयरपोर्ट अधिकारियों और कर्मचारियों ने पहली महिला यात्री से केक कटवाया। पहली फ्लाइट को लेकर यात्रियों और एयरपोर्ट स्टाफ में जबरदस्त उत्साह दिखा और पूरा माहौल उत्सव जैसा रहा।
पहला बोर्डिंग पास मिलने पर महिला यात्री की खुशी देखते ही बन रही थी। उन्होंने कहा कि बरेली-नोएडा हवाई सेवा शुरू होने से दोनों शहरों के बीच सफर अब बेहद आसान और तेज हो जाएगा। मुस्कुराते हुए उन्होंने बताया कि यह सिर्फ इस रूट की पहली उड़ान नहीं, बल्कि उनके जीवन की भी पहली हवाई यात्रा है। इस खास पल को वह कभी नहीं भूलेंगी।
इस ऐतिहासिक मौके पर बरेली एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश अग्रवाल, एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी, कर्मचारी और विमानन कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




