
रसोईयाधमना में मुर्गी फॉर्म के पास बने कमरे से 47 बोरा डोडा बरामद, दो तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज।
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग बरही पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बरही थाना क्षेत्र के रसोईयाधमना गांव से भारी मात्रा में डोडा बरामद किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 47 बोरों में रखा करीब 697 किलोग्राम अवैध डोडा जब्त किया। मामले में दो लोगों को आरोपी बनाया गया है और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक को 1 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि रसोईयाधमना गांव में बंगाली साव उर्फ बबलू साव के मुर्गी फॉर्म के पास बने कार्कट (टीन) के कमरे में बड़ी मात्रा में डोडा छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बरही) राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल मौके पर पहुंचा। बंद कमरे का ताला तोड़कर हुई तलाशी छापेमारी के दौरान कमरा बंद मिला। पुलिस ने मकान मालिक से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी कोई नहीं पहुंचा। इसके बाद स्थानीय मुखिया, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग कर कमरे का ताला तोड़ा गया।
कमरे के अंदर प्रवेश करने पर कई प्लास्टिक के बोरों में संदिग्ध पदार्थ भरा मिला। जांच करने पर सभी बोरों में डोडा पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन से मापने पर 47 बोरों का कुल वजन 697 किलोग्राम निकला। वंही दो लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में रसोईयाधमना निवासी बंगाली साव उर्फ बबलू साव (पिता- गंगो साव) और सुनील राणा (पिता- कैलाश राणा) को आरोपी बनाया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे धंधों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में मुख्य रूप से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में की गई। छापेमारी दल में बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार,पुलिस अवर निरीक्षक सुमीत साव, दीपक नाग, सुशील कुमार सहित बरही थाना के सशस्त्र बल और चालक शामिल थे।



