
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। कैनविज कंपनी से जुड़े पीड़ित निवेशकों का आमरण अनशन रविवार को लगातार पांचवें दिन भी जारी रहा। मुख्य आरोपियों के विरुद्ध अब तक ठोस कार्रवाई न होने से पीड़ितों में रोष बढ़ता जा रहा है।
अनशन पर बैठे निवेशकों का कहना है कि उन्होंने लंबे समय से संबंधित अधिकारियों से शिकायतें कीं और कई बार धरना-प्रदर्शन भी किया, लेकिन अभी तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी या प्रभावी कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे निवेशकों का प्रशासन पर भरोसा कमजोर पड़ रहा है।
पीड़ितों का आरोप है कि कंपनी के संचालकों और उनके सहयोगियों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपये का निवेश कराया। बाद में कंपनी का संचालन बंद हो गया और हजारों निवेशकों की मेहनत की कमाई फंस गई। उनका कहना है कि मामले के कई आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी, उनकी संपत्तियों की कुर्की तथा निवेशकों का धन वापस दिलाने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
अनशन स्थल पर बड़ी संख्या में पीड़ित निवेशक मौजूद रहे।



