सिंगरौली
सिंगरौली हिर्रवाह में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन
संगठन की सूचना पर 64 लीटर शराब जब्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली l जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र के ग्राम हिर्रवाह (सेमर चौराहा) में लंबे समय से संचालित बताए जा रहे अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 63.82 लीटर (लगभग 64 लीटर) अंग्रेजी एवं देसी शराब जब्त की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री को लेकर ग्रामीणों में लंबे समय से नाराजगी थी। ग्रामीणों का आरोप था कि खुलेआम हो रही शराब बिक्री से युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है और सामाजिक माहौल भी प्रभावित हो रहा है। कई बार प्रशासन से शिकायत किए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने की बात भी सामने आई।
इसी क्रम में भगवती मानव कल्याण संगठन एवं भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। अवैध शराब बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान उर्मिला शाह की दुकान में रखे फ्रीजर से विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी एवं देसी शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, जब्त शराब की कुल मात्रा 63.82 लीटर तथा अनुमानित कीमत 23,980 रुपये है। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
भगवती मानव कल्याण संगठन ने कहा कि संगठन वर्षों से नशा मुक्ति अभियान चला रहा है और समाज को नशे से मुक्त बनाने के लिए लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता है। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध नियमित और सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए, ताकि गांवों में सुरक्षित एवं नशामुक्त वातावरण सुनिश्चित हो सके।




