ललितपुर
स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए सड़क पर उतरी यातायात पुलिस
मिशन सेफ फ्यूचर के तहत स्कूल वाहनों की सघन जांच
सीसीटीवी, जीपीएस, स्पीड गवर्नर, फिटनेस और दस्तावेजों की हुई जांच, नियम तोडऩे वाले वाहनों पर की गई कार्रवाई
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ललितपुर यातायात पुलिस ने बुधवार को मिशन सेफ फ्यूचर अभियान के तहत शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों एवं तिराहों पर स्कूली वाहनों का सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्कूल बसों एवं अन्य स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी मानकों और आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। यह अभियान पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह एवं क्षेत्राधिकारी यातायात राजेश श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में यातायात प्रभारी आलोक कुमार तिवारी के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि स्कूली बच्चों को ले जाने वाले सभी वाहन शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन करें। चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस ने वाहनों में सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट एड बॉक्स की उपलब्धता की जांच की। इसके अलावा यह भी देखा गया कि वाहनों में स्पीड गवर्नर लगा है या नहीं तथा उसकी अधिकतम गति निर्धारित 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक सीमित है या नहीं। पुलिस ने वाहनों में रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप, खिड़कियों पर क्षैतिज ग्रिल तथा आपातकालीन निकास द्वार (इमरजेंसी एग्जिट) जैसी सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। साथ ही वाहन के आगे और पीछे स्कूल बस अंकित होने, विद्यालय का नाम और मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से लिखे होने की भी जांच की गई। अभियान के दौरान स्कूल वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी), वैध परमिट तथा चालक के ड्राइविंग लाइसेंस की भी गहन जांच की गई। जिन वाहनों में नियमों का उल्लंघन पाया गया, उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों एवं संचालकों को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सलाह देते हुए सभी यातायात एवं परिवहन नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि मिशन सेफ फ्यूचर अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि स्कूली बच्चों का सफर पूरी तरह सुरक्षित और नियमों के अनुरूप बनाया जा सके।



