मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण का उपायुक्त ने लिया जायजा, कई मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
Deputy Commissioner reviews the special intensive revision of the electoral roll and inspects several polling stations.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने बुधवार को महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खजूरडांगाल स्थित बूथ संख्या-203 तथा बासेतकुंडी के बूथ संख्या-204 एवं 205 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों, गणना प्रपत्रों के संधारण, घर-घर संपर्क अभियान, प्राप्त आवेदनों की स्थिति तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी प्रपत्रों की गुणवत्ता, शुद्धता एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से जुड़े सभी बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को चरणबद्ध और बहुस्तरीय प्रशिक्षण दिया गया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान बीएलओ मतदाताओं को प्रत्येक कॉलम की जानकारी देकर सावधानीपूर्वक प्रपत्र भरवा रहे थे। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि निरीक्षण में कहीं भी कोई गंभीर त्रुटि नहीं मिली। यदि किसी स्तर पर मामूली त्रुटि रह भी जाती है, तो बीएलओ एवं सुपरवाइजर उसकी जांच कर सुधार के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर उपस्थित मतदाताओं से भी संवाद किया और उनसे मतदाता सूची में अपने नाम का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी का नाम जोड़ना, संशोधित करना अथवा अन्य किसी प्रकार का परिवर्तन आवश्यक हो, तो निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से समय पर आवेदन करें। साथ ही उन्होंने लोगों से अपने परिवार, पड़ोस और अन्य पात्र नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ने का आग्रह किया। उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम इसमें शामिल होना अत्यंत आवश्यक है। जिला प्रशासन इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूरी पारदर्शिता, शुद्धता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी, पाकुड़िया, सोमनाथ बनर्जी, बीएलओ सुपरवाइजर एवं संबंधित बीएलओ उपस्थित थे।



