पाकुड़

पाकुड़िया में 11 सांस्कृतिक दलों को मिले पारंपरिक वाद्य यंत्र, आदिवासी संस्कृति के संरक्षण पर जोर

11 cultural troupes in Pakuria receive traditional musical instruments; emphasis placed on preserving tribal culture.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़िया, पाकुड़। समेकित जनजाति विकास अभिकरण के तत्वावधान में बुधवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में पारंपरिक वाद्य यंत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी एवं उपायुक्त मेघा भारद्वाज उपस्थित रहे। आदिवासी संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी एवं उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने 11 सांस्कृतिक दलों के बीच ढोल, हारमोनियम, नगाड़ा, मांदर और घुंघरू सहित विभिन्न पारंपरिक वाद्य यंत्रों का वितरण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी समृद्ध आदिवासी संस्कृति और परंपराओं से है। राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी संस्कृति, परंपरा और लोककलाएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं, जिन्हें सुरक्षित रखना और नई पीढ़ी तक सशक्त रूप से पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि अपनी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करना समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं के संरक्षण के लिए सरकार द्वारा इस प्रकार की पहल सराहनीय है। इससे स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक दलों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा पारंपरिक लोक संस्कृति को नई ऊर्जा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान लाभुकों ने पारंपरिक वाद्य यंत्र प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त की और आदिवासी सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर केंद्रीय कमेटी सदस्य उपासना मरांडी, जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे, प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा, प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी, मैनुद्दीन अंसारी, अशोक भगत, बिश्वाजीत दास, लालबाबू अंसारी, प्रसेंजीत दास, प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के कर्मी, ग्राम प्रधान सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button