भौरी कोचा मंदिर और दुर्गापुर डैम के विकास की बनेगी कार्ययोजना, उपायुक्त ने किया निरीक्षण
An action plan will be prepared for the development of Bhauri Kocha Temple and Durgapur Dam; the Deputy Commissioner conducted an inspection.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के पर्यटन स्थलों को विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। बुधवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने भौरी कोचा मंदिर एवं दुर्गापुर डैम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दोनों स्थलों के समग्र विकास के लिए कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र क्रियान्वयन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पाकुड़ प्राकृतिक और धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध जिला है। पर्यटन स्थलों के विकास से स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी मिलेंगे। भौरी कोचा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुल निर्माण, साफ-सफाई, स्टॉल निर्माण, पार्क एवं बैठने की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए। वहीं दुर्गापुर डैम को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए नौका सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, ड्रेजिंग, कॉटेज निर्माण, शौचालय और सेल्फी प्वाइंट विकसित करने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को सभी कार्यों को गुणवत्ता मानकों और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। मौके पर जिला क्रीड़ा पदाधिकारी सह जिला पर्यटन पदाधिकारी राहुल कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी एवं जिला पर्यटन विशेषज्ञ दीपन लाहिड़ी उपस्थित थे।



