खैरथल
बिना मसौदा सार्वजनिक किए समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर आयोजित जनसुनवाई का जिला कांग्रेस ने किया बायकाट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल। खैरथल-तिजारा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलराम यादव ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनसुनवाई का बहिष्कार करते हुए कहा कि बिना कानून का मसौदा सार्वजनिक किए किसी भी प्रकार की जनसुनवाई आयोजित करना लोकतांत्रिक मूल्यों और पारदर्शी शासन व्यवस्था के विपरीत है।
बलराम यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अभी तक यूसीसी का कोई आधिकारिक प्रारूप जनता के सामने प्रस्तुत नहीं किया है। न तो कानून के प्रस्तावित प्रावधान सार्वजनिक किए गए हैं और न ही किसी पोर्टल अथवा अन्य माध्यम से नागरिकों को उनका अध्ययन कर सुझाव देने का अवसर दिया गया है। ऐसी स्थिति में जनसुनवाई केवल औपचारिकता बनकर रह जाती है, क्योंकि जब लोगों को यह जानकारी ही नहीं होगी कि प्रस्तावित कानून में क्या प्रावधान हैं, तो वे सार्थक सुझाव या आपत्तियां कैसे प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने कहा कि किसी भी महत्वपूर्ण कानून पर जनसुझाव लेने से पहले उसका मसौदा सार्वजनिक करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अनिवार्य हिस्सा है। इससे समाज के सभी वर्गों को अपनी बात रखने का समान अवसर मिलता है तथा कानून निर्माण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जनभागीदारी पर आधारित बनती है।
बलराम यादव ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में जनता की आवाज सुनना चाहती है तो उसे इन जनहित के मुद्दों पर जनसुनवाई आयोजित कर उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि यूसीसी पर किसी भी प्रकार की आगे की प्रक्रिया शुरू करने से पहले कानून का मसौदा सार्वजनिक किया जाए और व्यापक स्तर पर सभी वर्गों से सुझाव आमंत्रित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि इन्हीं कारणों से कांग्रेस पार्टी ने खैरथल-तिजारा जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यूसीसी संबंधी जनसुनवाई का बहिष्कार किया है। कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की भावना और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगी तथा जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।

