
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक अमरोहा लखन सिंह यादव ने कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा पुलिस की तैयारियों का जायजा लियां ।
पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील स्थलों, प्रमुख ड्यूटी प्वाइंटों और मार्ग पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्य करे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर निरंतर निगरानी रखी जाए, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखी जाए तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो पाए।
साथ ही सभी पुलिसकर्मी अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ तैनात रहें।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अमरोहा, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी धनौरा, यातायात प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं आदि कर्मचारी मौजूद रहे।




